सुदर्शन चक्र कोर द्वारा थल सेना दिवस का आयोजन

सुदर्शन चक्र कोर द्वारा भारतीय थल सेना और मध्य प्रदेश के नागरिको के लिए समर्पित एक यादगार शाम, जो की थल सेना दिवस (आर्मी डे) के ऐतिहासिक अवसर पर एयरपोर्ट रोड पर स्थित आकर्षक प्रेरणा स्तम्भ योद्धास्थल पर मनाया जायेगा, इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत मिलिट्री पाइप बैंड और जैज़ बैंड डिस्प्ले के माध्यम से सभी अतिथि गणो का अभिनन्दन किया जायेगा। भोपाल आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेना के बहादुर जाबाज सैनिको द्वारा ताइक्वांडो का कौशल प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यह सभी कार्यक्रम १५ जनवरी शाम ४-५ बजे तक होंगे। दर्शक गण बिना प्रवेश शुल्क के आमंत्रित है, सभी आगंतुकों हेतु उचित जलपान की भी व्यवस्था की जाएगी। आर्मी डे (सेना दिवस) १५ जनवरी को प्रत्येक वर्ष धूम धाम से मनाया जाता है जिसका ऐतिहासिक महत्त्व यह है की १५ जनवरी १९४९ को तत्कालीन अंतिम ब्रिटिश सेना जनरल सर फ्रांसिस बूचर से लेफ्टिनेंट जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) के ऍम करियप्पा द्वारा भारतीय सेना के प्रथम कमांडर इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया। इस दिन नई दिल्ली सेना मुख्यायल तथा अन्य सभी प्रमुख सेना छावनियों में आर्मी डे परेड एवं कई आकर्षक कार्यक्रमों से सुसज्जित प्रदर्शन द्वारा सेना की वीरता एवं पराक्रम को दर्शाया जाता है। थल सेना दिवस उन बलिदानी अमर, शूरवीर सैनिको को सेल्यूट और नमन करने का अवसर भी है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

टिप्पणियाँ